दुर्गा मंदिर की दान पेटी से ढाई लाख की चोरी
रिपोर्ट मनोज अधिकारी | स्मार्टTvन्यूज़
दिनेशपुर। दुर्गा पूजा महोत्सव संपन्न होने के बाद जगदीशपुर स्थित दुर्गा मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोर मंदिर परिसर में रखी दान पेटी का ताला तोड़कर करीब दो से ढाई लाख रुपये की नकदी ले गए। घटना का पता चलते ही मंदिर कमेटी में हड़कंप मच गया। कमेटी ने पुलिस को सूचना देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, दिनेशपुर थाना क्षेत्र में इस वर्ष छह स्थानों पर दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन किया गया था। जगदीशपुर में भी पांच दिवसीय महोत्सव धार्मिक उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इसके बाद प्रतिमा विसर्जन के दौरान चोरों ने मंदिर की दान पेटी को निशाना बनाया और उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए।
मामले की सूचना मिलने पर दिनेशपुर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना का खुलासा करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने जल्द ही घटना का खुलासा करने की बात कही है।













