निजी जानकारी और फोटो साझा करने का आरोप, नेपाल भागने की कोशिश कर रहा मुख्य आरोपित बनबसा से पकड़ा गया
रिपोर्ट मनोज अधिकारी | स्मार्टTvन्यूज़
दिनेशपुर/रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर थाना क्षेत्र में एक शिक्षण संस्थान की छह छात्राओं से कथित छेड़छाड़, अश्लील टिप्पणी, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर दिनेशपुर थाना पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं। मुख्य आरोपित को नेपाल सीमा की ओर फरार होने की कोशिश के दौरान बनबसा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरे आरोपित को भी पुलिस ने पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर 2026 को मामला सामने आने के बाद शिक्षण संस्थान और पीड़ित छात्राओं से आवश्यक जानकारी एवं साक्ष्य जुटाए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि संस्थान में अध्ययनरत छात्र मो. बिलाल ने छह छात्राओं के नाम, पते, मोबाइल नंबर और फोटो सहित निजी जानकारी अपने साथी अनस के साथ साझा की थी। आरोप है कि इसके बाद छात्राओं को निशाना बनाकर अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं तथा उनके साथ छेड़छाड़ और गाली-गलौज की गई।
गंभीर धमकियां देने का भी आरोप
पुलिस के अनुसार, शिकायत में छात्राओं को गला काटने और तेजाब फेंकने जैसी गंभीर धमकियां दिए जाने की बात भी सामने आई है। शिकायत किए जाने के बाद भी जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और महिला पुलिस अधिकारी द्वारा मामले की विवेचना की जा रही है।
बनबसा से मुख्य आरोपित गिरफ्तार
पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपित अनस फरार होने की कोशिश कर रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए उसे नेपाल सीमा के निकट बनबसा से गिरफ्तार कर लिया। दूसरे आरोपित मो. बिलाल को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपित उत्तर प्रदेश के रामपुर और गाजियाबाद जनपद के निवासी बताए गया।
मोबाइल फोन बरामद, डिजिटल साक्ष्यों की जांच
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दोनों मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मोबाइल फोन में उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों, छात्राओं की निजी जानकारी साझा किए जाने और आरोपितों के संपर्कों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि छात्राओं की निजी जानकारी किस प्रकार प्राप्त की गई और क्या मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि छात्राओं की सुरक्षा और निजता को प्राथमिकता देते हुए उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।













