सीओ पंतनगर ने संभ्रांत नागरिकों, दुर्गा पूजा कमेटी, रामलीला कमेटी और व्यापार मंडल के साथ किया विचार-विमर्श, शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील
स्मार्ट टीवी न्यूज़ | दिनेशपुर। आगामी त्योहारों और दिनेशपुर क्षेत्र में आयोजित होने वाले दुर्गा पूजा व रामलीला कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस ने अमन-चैन कमेटी की बैठक आयोजित की। 10 अक्टूबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार क्षेत्राधिकारी पंतनगर ने थाने में संभ्रांत व्यक्तियों, दुर्गा पूजा कमेटी दिनेशपुर, रामलीला कमेटी तथा व्यापार मंडल के सदस्यों के साथ बैठक की।
बैठक के दौरान क्षेत्राधिकारी ने आगामी त्योहारों और रामलीला कार्यक्रम के मद्देनजर उच्चाधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से सभी को अवगत कराया। उन्होंने सभी से नियमों का पालन करने तथा आपसी सौहार्द, भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की।
इस दौरान क्षेत्र की शांति एवं कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के संबंध में भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। पुलिस ने सभी से त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के दौरान जिम्मेदारी के साथ सहयोग करने की अपील की, ताकि सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें।
बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में आपसी सद्भाव बनाए रखना और आगामी त्योहारों व दुर्गा पूजा, रामलीला कार्यक्रमों को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना रहा। रिपोर्ट: मनोज अधिकारी।













