अर्चित ग्रोवर और साधना सरगम की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, व्रत रखकर भक्तों ने मांगी मनोकामनाओं की पूर्ति; सुबह हुआ भंडारा
स्मार्ट टीवी न्यूज़ | दिनेशपुर। नवरात्रि के पावन अवसर पर जय भवानी जागरण कमेटी की ओर से मंगलवार, 13 अक्टूबर की शाम दिनेशपुर के मुख्य चौराहे पर भव्य जागरण का आयोजन किया गया। मंगलवार की संध्या से शुरू हुआ जागरण बुधवार सुबह तक चला। इस दौरान माता रानी के भजनों, धार्मिक झांकियों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। जागरण में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर माता रानी के दर्शन किए।
कार्यक्रम में गायक अर्चित ग्रोवर और साधना सरगम सहित बाहर से आए कलाकारों ने भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों के भक्ति गीतों पर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए। वहीं, कलाकारों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक धार्मिक झांकियां कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहीं। झांकियों के माध्यम से देवी-देवताओं के विभिन्न स्वरूपों का सुंदर प्रदर्शन किया गया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह दिखाई दिया।
जागरण के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर पूरी रात माता रानी की आराधना की। भक्तों ने भजन-कीर्तन में भाग लेते हुए माता रानी के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए मैया से मन्नतें मांगीं। श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में लीन रहे और माता रानी के जयकारे लगाते रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित राजन शर्मा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर किया। पूजा के बाद जागरण की शुरुआत हुई। मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक चले धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। बुधवार सुबह जागरण के समापन पर भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष शुभम चावला सहित सत्यजीत विश्वास, राजेश नारंग, विकास छाबड़ा, पावन अग्रवाल, दिलीप रावत, विजय जालौत्रा, दीपक मक्कड़, पुरुषोत्तम अग्रवाल, हरजीत सिंह और सोनू घोयाल ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा, चैयरमेन प्रतिनिधि काबल सिंह विर्क, सभासद विशंभर बैरागी, घनश्याम अग्रवाल, भोला शर्मा, सत्यप्रकाश सिंह, गोपाल चक्रवर्ती, डॉ. सुधीर राय, सुभाष व्यापारी, रवि सरकार, शुभम वाधवा और कुनाल रस्तोगी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। जय भवानी जागरण कमेटी के आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी रही। रिपोर्ट मनोज अधिकारी।













