मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत मिली वित्तीय स्वीकृति, नगर पंचायत बोर्ड ने जताया आभार
दिनेशपुर। नगर पंचायत क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्यों को गति देने के लिए प्रदेश सरकार ने बड़ी वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अंतर्गत नगर में सीसी टाइल्स सड़क एवं नाली निर्माण के लिए 4 करोड़ 15 लाख 17 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस धनराशि से नगर के विभिन्न वार्डों में कुल 26 निर्माण कार्य कराए जाने का प्रस्ताव है।
जारी स्वीकृति सूची के अनुसार, वार्ड संख्या 1 से लेकर वार्ड संख्या 9 तक विभिन्न स्थानों पर सीसी टाइल्स सड़क और नालियों का निर्माण कराया जाएगा। इन कार्यों में स्थानीय निवासियों के घरों और प्रमुख मार्गों को जोड़ने वाली सड़कों का निर्माण शामिल है। इससे नगर के अलग-अलग क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने और जल निकासी व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इस स्वीकृति पर नगर पंचायत अध्यक्ष मनजीत कौर, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष काबल सिंह विर्क और नगर पंचायत बोर्ड ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगर के विकास के लिए सड़क और नाली जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार बेहद जरूरी है। सरकार की ओर से मिली यह धनराशि दिनेशपुर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। सड़क और नाली निर्माण से स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी तथा नगर के आधारभूत ढांचे को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार का सहयोग आगे भी इसी प्रकार मिलता रहेगा।
इस अवसर पर सभासद नारायण मंडल, सभासद प्रतिनिधि प्रीतम गाइन, सभासद राखल मंडल, सभासद प्रतिनिधि विष्णु शील, सभासद सविता बैरागी और सभासद प्रतिनिधि सौरभ मंडल सहित अन्य लोगों ने भी मुख्यमंत्री का आभार जताया।
नगर में 26 निर्माण कार्यों के लिए स्वीकृत 4.15 करोड़ रुपये से अब इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन पर नजर रहेगी। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि निर्माण कार्य समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे होंगे। रिपोर्ट: मनोज अधिकारी













