108 दीपों से हुई मां दुर्गा की महाआरती, सप्तमी-अष्टमी पर धार्मिक अनुष्ठानों की धूम; 21 अक्टूबर तक होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
रिपोर्ट: मनोज अधिकारी | स्मार्टTvन्यूज़
दिनेशपुर। शारदीय दुर्गा पूजा महोत्सव के चलते दिनेशपुर क्षेत्र के श्री श्री दुर्गा मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है। षष्ठी से शुरू हुए महोत्सव में सप्तमी, अष्टमी और सोमवार को अष्टमी पूजन के अवसर पर श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर पुष्पांजलि अर्पित की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
अष्टमी पर्व पर मां दुर्गा की 108 दीपों से भव्य महाआरती की गई। मंदिरों के पुरोहितो ने मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। ढाक, कांस्य, घंटा और शंख की ध्वनि से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। बंगाली समाज की महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर मंदिर पहुंचीं और मां दुर्गा को पुष्पांजलि अर्पित कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।
रविवार सुबह से ही क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। सोमवार को भी व्रत रखने वाले भक्तों ने मां के दर्शन किए और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। मंदिरों में विधिवत पूजा-अर्चना, अंजलि, तिलक और माल्यार्पण के साथ धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
दिनेशपुर नगर के अलावा कालीनगर, जगदीशपुर, हरिदासपुर, धर्मनगर, पिपलिया, गूलरभोज और हरि मंदिर सहित आसपास के विभिन्न पूजा स्थलों पर भी धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
दिनेशपुर नगर में सप्तमी के अवसर पर बंगाली लोकगीतों, पारंपरिक नृत्य और बाउल गान की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अष्टमी की रात्रि आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ता शिल्पी अरोरा सहित कई अतिथि शामिल हुए। आयोजन समिति की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया।
प्रसाद वितरण के साथ मेले में उमड़े लोग
दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान दिनेशपुर में दोपहर को सत्य प्रकाश सिंह की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर परिसर में स्थापित मां दुर्गा की आकर्षक प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पूजा-अर्चना के साथ लोग मेले का भी आनंद ले रहे हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है।
21 अक्टूबर तक होंगे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन
आयोजन समिति के अनुसार, दुर्गा पूजा महोत्सव के अंतर्गत 21 अक्टूबर तक विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आगामी आयोजनों में बंगाली जात्रा गान विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। महोत्सव को लेकर दिनेशपुर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के बीच खासा उत्साह है। बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंचकर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।













