उत्तराखंड। कांग्रेस की प्रदेश मंत्री ममता हालदार ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वित्त मंत्री द्वारा पेश किए गए बजट को जनविरोधी, महिला विरोधी और किसान विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट आम जनता को कोई राहत नहीं देता और इससे न तो किसानों की समस्याएँ हल होंगी और न ही महिलाओं को कोई ठोस लाभ मिलेगा।
प्रदेश मंत्री ने कहा कि किसानों की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन इस बजट में उनकी आय बढ़ाने या खेती को राहत देने के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया है। खाद, बीज और अन्य कृषि संसाधनों की महंगाई के मुकाबले किसानों को कोई सहायता नजर नहीं आती।
महिलाओं को लेकर उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा वर्कर और छोटे स्तर पर काम करने वाली महिलाओं के लिए इस बजट में कुछ भी नया नहीं है। कांग्रेस सरकार के समय घोषित वेतन वृद्धि के आगे मौजूदा सरकार कुछ भी नहीं कर पाई है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए बजट पूरी तरह विफल रहा है।
शिक्षा के क्षेत्र में भी बजट को असफल बताते हुए उन्होंने कहा कि एससी, एसटी, ओबीसी और सामान्य वर्ग के छात्रों के लिए कोई विशेष प्रावधान नहीं किया गया। कांग्रेस शासनकाल में शुरू की गई कई शिक्षण योजनाओं में केवल नाम बदले गए हैं, लेकिन सुविधाओं या संसाधनों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।
मनरेगा को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को दी जाने वाली प्राथमिकता को समाप्त कर दिया गया है। 125 दिन रोजगार देने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन ज़मीनी स्तर पर स्थिति अलग है।
अग्निवीर योजना पर भी उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि चार साल की नौकरी करने वाले युवाओं के लिए न तो वेतन बढ़ाने और न ही सेवा अवधि बढ़ाने का कोई प्रावधान बजट में किया गया है।
स्वास्थ्य सेवाओं पर बोलते हुए प्रदेश मंत्री ने कहा कि कैंसर और शुगर की दवाओं को लेकर सरकार ने जो घोषणाएँ की हैं, उनका तत्काल कोई लाभ नजर नहीं आ रहा। दिनेशपुर सहित कई क्षेत्रों में अस्पताल तो हैं, लेकिन डॉक्टर और सुविधाएँ नहीं हैं। कांग्रेस शासनकाल में बने अस्पतालों में आज भी बुनियादी सुविधाओं की कमी बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि टैक्स व्यवस्था में भी कोई राहत नहीं दी गई है, जबकि देश और राज्य पर कर्ज लगातार बढ़ रहा है। वेतन वृद्धि को लेकर भी बजट पूरी तरह मौन है।
अंत में उन्होंने कहा कि यह बजट किसान, महिला, युवा और आम जनता—किसी के भी हित में नहीं है, और कांग्रेस पार्टी इसका विरोध जारी रखेगी।














