उधम सिंह नगर। उधम सिंह नगर के दिनेशपुर में घरेलू गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन कांग्रेस प्रदेश महामंत्री ममता हवलदार के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला लेकर नगर में मार्च किया और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद सभी कार्यकर्ता नेताजी सुभाष चंद्र बोस चौक पर एकत्रित हुए, जहां प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच चल रहे तनाव का हवाला देकर भाजपा सरकार घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा रही है, जिससे आम जनता पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण रसोई का बजट बिगड़ गया है और गरीब व मध्यम वर्ग के लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि अब बड़ी संख्या में महिलाएं और गैस उपभोक्ता शिकायत कर रहे हैं कि गैस की बुकिंग भी नहीं हो पा रही है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। यहां तक कि कुछ लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे इंडक्शन चूल्हा खरीदकर उसी पर खाना बनाएं।
इस स्थिति का असर छोटे कारोबारियों पर भी पड़ रहा है। होटल, ढाबे और सड़क किनारे ठेला लगाकर रोजी-रोटी चलाने वाले दुकानदार भी गैस की कमी से परेशान हैं। कई जगह गैस उपलब्ध न होने के कारण छोटे व्यापारियों को अपना काम तक बंद करना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने सरकार से मांग की कि गैस सिलेंडर के बढ़े हुए दाम तुरंत वापस लिए जाएं और गैस की आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन को और तेज करेगी। यहां पूर्व विधायक प्रेमानन्द महाजन, कांग्रेस प्रदेश महामंत्री ममता हाल्दार, त्रिनाथ विश्वास, किशोर हाल्दार, नारायण हाल्दार, बृज मोहन समेत महिलाएं व पुरुष मौजूद रहे।















