दिनेशपुर: शादी का झांसा देकर शोषण का आरोप, आरोपी गिरफ्तार Dineshpur: Man Arrested for Alleged Sexual Exploitation on Promise of Marriage

गौरा शक्ति एप से पीड़िता को मिली तत्काल मदद, समझौते का दबाव बनाने के आरोप में जनप्रतिनिधि पर भी मुकदमा दर्ज

रिपोर्ट: मनोज अधिकारी

स्मार्टTvन्यूज़ | दिनेशपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, पीड़िता पर समझौते का दबाव बनाने के आरोप में एक स्थानीय जनप्रतिनिधि के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की यह कार्रवाई गौरा शक्ति एप के माध्यम से मिली शिकायत के बाद की गई।

पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर को पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया कि ग्राम कुल्हा निवासी राजेश भारद्वाज (30) ने शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया। पीड़िता का आरोप है कि अब आरोपी ने किसी अन्य युवती से सगाई कर ली है। इसके अलावा, ग्राम कुल्हा निवासी जनप्रतिनिधि जसवीर सिंह पर पीड़िता को समझौते के लिए दबाव बनाने और समझौते के कागजात पर जबरन हस्ताक्षर कराने का प्रयास करने का आरोप है।

गौरा शक्ति एप के माध्यम से शिकायत मिलने पर थाना दिनेशपुर से महिला पुलिस अधिकारी पुलिस बल के साथ तत्काल पीड़िता की लोकेशन पर पहुंचीं। पुलिस के अनुसार, मौके पर जनप्रतिनिधि जसवीर सिंह ने विवाद करना शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस पीड़िता और संबंधित लोगों को थाने ले आई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69, 351(3) और 352 के तहत मुख्य आरोपी राजेश भारद्वाज तथा समझौते का दबाव बनाने के आरोप में जसवीर सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस ने मुख्य आरोपी राजेश भारद्वाज को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। साथ ही, आरोपी की सैन्य यूनिट को भी मामले की सूचना दी जा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई में गौरा शक्ति एप की अहम भूमिका सामने आई है, जिसके माध्यम से शिकायत मिलने पर महिला पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता को सहायता उपलब्ध कराई।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें