युवाओं और छात्रों पर कथित अत्याचार के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जताया आक्रोश, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
दिनेशपुर। पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में चल रहे विरोध-प्रदर्शनों और छात्र-युवाओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार देर शाम दिनेशपुर में प्रदर्शन किया। गदरपुर विधानसभा क्षेत्र के दिनेशपुर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया और सरकार का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए कांग्रेस नेताओं ने पेपर लीक की घटनाओं और प्रदर्शन कर रहे युवाओं एवं छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुमित भुल्लर ने कहा कि दिल्ली में पेपर लीक के विरोध में आवाज उठा रहे युवाओं पर कार्रवाई किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
कांग्रेस प्रदेश महामंत्री ममता हालदार ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले युवाओं पर लाठीचार्ज किया जाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है।
कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता विनय विश्वास ने कहा कि भाजपा सरकार में युवा सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि युवाओं और छात्रों पर अत्याचार बंद नहीं हुआ तो कांग्रेस कार्यकर्ता गली-मोहल्लों से लेकर संसद तक आंदोलन करेंगे।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी युवाओं और छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है और अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रखा जाएगा। प्रदर्शन में राजेंद्र पाल सिंह, श्याम सिंह देउपा, चंदन सिंह न्याल, नारायण हालदार, किशोर हालदार, गगनदीप सिंह रंधावा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।














