इंस्टाग्राम की दोस्ती बनी मौत की वजह, किशोर ने लगाई फांसी Instagram Friendship Turns Tragic, Teen Dies by Suicide

दिनेशपुर (उधम सिंह नगर)। उधम सिंह नगर के दिनेशपुर क्षेत्र से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक किशोर के लिए इतनी भारी पड़ गई कि उसने आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठा लिया।

जानकारी के अनुसार दिनेशपुर थाना क्षेत्र के कलीनगर गांव निवासी 17 वर्षीय अनुज राठौर ने अपने घर में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि अनुज की इंस्टाग्राम के माध्यम से एक युवती से दोस्ती हुई थी, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई थी।

परिजनों के मुताबिक कुछ समय पहले युवती ने कथित रूप से उससे बातचीत बंद कर दी और रिश्ता खत्म कर लिया। इसके बाद से अनुज काफी मानसिक तनाव में रहने लगा था। इसी मानसिक दबाव के चलते उसने यह कदम उठा लिया।

बताया जा रहा है कि अनुज अपने पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। बेटे की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

घटना की सूचना मिलते ही दिनेशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

वहीं समाजसेवी किशोर हालदार ने कहा कि सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच किशोरों को सही भावनात्मक मार्गदर्शन और परामर्श देना बेहद जरूरी हो गया है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें