दिनेशपुर/उधम सिंह नगर। भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत विजिलेंस सेक्टर हल्द्वानी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस विभाग के एसआई अनवर अहमद को ₹15,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, श्रीरामपुर निवासी एक शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान, हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके विरुद्ध थाना गदरपुर में दर्ज बिजली चोरी के मुकदमे की विवेचना कर रहे एसआई अनवर अहमद केस को समाप्त करने के नाम पर 15 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। शिकायत की पुष्टि के बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और 24 फरवरी को आरोपी को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी वर्तमान में थाना दिनेशपुर, जनपद उधम सिंह नगर में तैनात था और लंबे समय से विवेचना के नाम पर शिकायतकर्ता पर दबाव बना रहा था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई तथा आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर अजय गणपति द्वारा जारी प्रेस नोट में बताया गया कि माननीय मुख्यमंत्री Pushkar Singh धामी की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत तत्काल प्रभाव से एएसआई अनवर अहमद को निलंबित कर दिया गया है। मामले में विभागीय जांच भी प्रारंभ कर दी गई है।
एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।













