दिनेशपुर (ऊधम सिंह नगर)। क्षेत्र के दिनेशपुर में एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बहू समेत छह लोगों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनेशपुर निवासी प्रसेनजीत शाह की शादी लगभग चार वर्ष पूर्व काशीपुर निवासी सुरभि से हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही दोनों परिवारों के बीच समय-समय पर विवाद की स्थिति बनी रहती थी।
बीती रात घर में एक बार फिर कहासुनी हुई। आरोप है कि इसके बाद बहू ने अपने मायके पक्ष के करीब पांच लोगों को घर बुला लिया। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और मायके से आए लोगों ने प्रसेनजीत शाह तथा उनकी 70 वर्षीय माँ संध्या शाह पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में संध्या शाह गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनका बेटा घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी दौलत राम वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी सुरभि सहित कुल छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को निष्पक्ष व सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। घटना ने एक बार फिर पारिवारिक विवादों के हिंसक रूप लेने पर चिंता खड़ी कर दी है।












