दिनेशपुर। बांग्लादेश में एक हिंदू युवक की नृशंस हत्या के विरोध में दिनेशपुर में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी मंडल इकाई के नेतृत्व में भाजपाइयों एवं स्थानीय नागरिकों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस का पुतला लेकर नगर की विभिन्न गलियों में जुलूस निकाला।
जुलूस सुभाष चंद्र मुख्य चौराहे पर पहुँचा, जहाँ प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को लेकर गहरी चिंता जताई गई।
प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि बांग्लादेश में बचे हुए हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही, पीड़ित हिंदुओं को मानवीय आधार पर भारत में प्रवेश की अनुमति देने और इस पूरे मामले में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की मांग भी की गई।
इस संबंध में गदरपुर विधायक एवं भाजपा नेता अरविंद पांडे ने बांग्लादेश में हुए हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की हत्या की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार कूटनीतिक स्तर पर आवश्यक कदम उठाएगी और अल्पसंख्यक हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर ठोस निर्णय लिए जाएंगे।














