उधम सिंह नगर। गदरपुर क्षेत्र के ग्राम सुंदरपुर एवं उदयनगर में एकल अभियान उत्तराखंड – प्रभाग कुमाऊं के अंतर्गत भारत लोक शिक्षा परिषद, रुद्रपुर चैप्टर द्वारा वनयात्रा कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनता, महिला समितियों और विद्यालय के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
ग्राम पहुंचने पर अतिथियों का स्वागत स्थानीय महिला समिति ने बंगाली परंपरा के अनुरूप शंख-घंट वादन और तिलक-अभिनंदन से किया। विद्यालय परिसर में मंत्रोच्चारण और दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, शैक्षणिक प्रस्तुतियाँ और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया, जिसे अतिथियों और ग्रामीणों ने सराहा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक प्रेरक और सफल बनाया।
वनयात्रा के इस आयोजन ने ग्राम के विद्यालयों में शिक्षा और संस्कार की दिशा को और मजबूत किया तथा ग्रामवासियों और आगंतुकों के बीच सौहार्द और आत्मीयता का वातावरण और गहरा हुआ। यहाँ दीदी साधना गुप्ता (उत्तरी दिल्ली चैप्टर महिला समिति की अध्यक्ष), विजय भूषण गर्ग (अध्यक्ष, रुद्रपुर चैप्टर), दिनेश कपूर (कार्यकारी अध्यक्ष), खेमानंद सापकोटा (केंद्रीय सह अभियान प्रमुख), हरीश बजाज (प्रभाग सचिव), बलदेव छाबड़ा, पुरुषोत्तम बंसल, अरुणा बंसल, भारत भूषण चूघ, दिनेश कालरा, प्रेरणा शर्मा, मीना शर्मा, ममता जीना, रश्मि रस्तोगी, मीनू त्यागी, सुनील ठुकराल, कुशल अग्रवाल, मधुर त्यागी, संजय साह, अरविंद कन्नौजिया सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।












